ODISHA / RANCHI : ओडिशा के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल पुरी में अब झारखंड सरकार का अपना आलीशान गेस्ट हाउस तैयार होगा. समुद्र तट के बेहद करीब बनने वाले इस भव्य भवन के निर्माण पर करीब 99 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है. वर्तमान में पुरी में झारखंड सरकार का गेस्ट हाउस किराए के भवन में चल रहा है, जिसे अब अपने निजी परिसर में शिफ्ट किया जाएगा. नए गेस्ट हाउस के निर्माण के लिए प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर लिया गया है और भवन निर्माण विभाग की तरफ से इसे तकनीकी स्वीकृति भी मिल चुकी है.
CM सोरेन ने डीपीआर को दी हरी झंडी
परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की औपचारिक मंजूरी मिल गई है. इसके बाद अब प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है. इस नए गेस्ट हाउस में न केवल झारखंड के मंत्रियों, वीआईपी और सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों के ठहरने की उत्तम व्यवस्था होगी, बल्कि राज्य के आम श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी कमरे उपलब्ध रहेंगे। इसके लिए लोगों को संबंधित विभाग के आधिकारिक माध्यम से पहले बुकिंग करानी होगी.
जगन्नाथ मंदिर से 8 किमी दूर मिली 0.35 एकड़ जमीन
इस प्रोजेक्ट के लिए ओडिशा सरकार के इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (IDCO) ने पुरी सदर के बालुखंडा गांव में झारखंड सरकार को 0.35 एकड़ जमीन आवंटित की है. यह प्रस्तावित स्थल कोणार्क वन्यजीव अभयारण्य के करीब स्थित है और विश्व प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर से इसकी दूरी लगभग 8 किलोमीटर है. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पुरी दर्शन के लिए जाने वाले झारखंड के यात्रियों को किफायती और सुगम आवास की बेहतर सुविधा मिल सकेगी.
