L19 DESK : साहेबगंज के राजमहल सीट से भाजपा के टिकट पर दो बार लोकसभा चुनाव लड़ने वाले नेता हेमलाल मुर्मू 11 अप्रैल को झामुमो में शामिल होने जा रहे हैं। इस मौके पर बरहेट के धनजोरी गांव में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया हैं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद मौजूद रहेंगे। जानकारी के अनुसार पार्टी लाइन पर आवश्यक औपचारिकता पूरी कर लेने के बाद झामुमो सुप्रीमो ने हेमलाल मुर्मू के घर वापसी करने कि हरी झंडी दे दी है।
हेमलाल मुर्मू बरहेट सीट से 1990, 1995, 2000 और 2009 में झामुमो के टिकट पर विधायक रहे चुके हैं। 2004 में झामुमो के टिकट पर वे राजमहल सीट से सांसद भी बने थे। 2014 में हुए लोकसभा चुनाव से ठीक पहले वे भाजपा में शामिल हो गए थे। इस बारे में पूछने पर हेमलाल मुर्मू ने सिर्फ इतना ही बतया कि झामुमो उनका परिवार है। वे अपने परिवार से दूर कैसे रह सकते हैं।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के दिग्गज नेताओं में से एक हेमलाल मुर्मू 2014 में भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा से जुड़ने के बाद वे 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव हारे। पिछले वर्ष पाकुड़ में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यक्रम के दौरान पहली बार हेमलाल मुर्मू नजर आए थे । जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे स्वेच्छा से आया है। मुख्यमंत्री से मिलूंगा। तभी से उनके झारखंड मुक्ति मोर्चा में वापसी के अनुमान लगाया जाने लगा था।