DHANBAD : धनबाद नगर निगम में उप महापौर के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. इससे पूर्व मेयर चुनाव में राजनीति के खेल में संजीव सिंह ने सभी धुरंधरों को मात देते हुए जीत हासिल की थी. बिना कोई राजनीतिक समर्थन के उन्होंने चुनाव में जीत हासिल की जबकि मैदान में भाजपा, कांग्रेस सहित झामुमो के समर्थित उम्मीदवार थे. अब डिप्टी मेयर के चुनाव में भी संजीव सिंह ही केंद्र बिंदु में नजर आ रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : रांची मेन रोड हिंसा: चार साल बाद सभी आरोपी बरी, फिर उस दिन का जिम्मेदार कौन.. रांची पुलिस की जांच कहां हुई फेल.?

55 में से करीब 45 जुटे
शुक्रवार की शाम सिंह मेंशन में धनबाद नगर निगम के 55 नवनिर्वाचित पार्षदों में से करीब 45 पार्षदों की बैठक हुई. 18 मार्च को होने वाले डिप्टी मेयर के चुनाव से पहले यह बैठक बहुत महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इस बैठक में पहुंचे पार्षदों ने अपनी प्रतिबद्धता संजीव सिंह के प्रति जताई है. और एकजुट हो कर शहर के विकास के लिए काम करने की बात कही.
चयनित डिप्टी मेयर को मिलेगा पूरा समर्थन, मेयर ने किया आश्वस्त
जानकारी के अनुसार बैठक में नगर निगम की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, पार्षदों के बीच समन्वय और आगामी 18 मार्च को होने वाले डिप्टी मेयर चुनाव को लेकर चर्चा हुई. इस दौरान कई पार्षदों ने अपनी राय भी रखी और चुनाव को लेकर रणनीतिक बातचीत की गई. नवनिर्वाचित मेयर ने पार्षदों को आश्वस्त करते हुए कहा की पार्षद जिसे भी डिप्टी मेयर चुनेंगे, उनका पूरा समर्थन मिलेगा.
चुनाव पूर्व बैठक, चर्चा या शक्ति प्रदर्शन
सूत्रों के मुताबिक बैठक में डिप्टी मेयर के लिए वार्ड नंबर 7 के पार्षद अरुण चौहान के नाम को लेकर भी चर्चा हुई और बड़ी संख्या में पार्षदों का समर्थन उनके साथ बताया जा रहा है. हालांकि, आधिकारिक रूप से किसी भी नाम की घोषणा नहीं की गई है. राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार सिंह मेंशन में शुक्रवार की शाम हुई इस बैठक को डिप्टी मेयर चुनाव से पूर्व रणनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है. नगर निगम के अधिकांश नवनिर्वाचित पार्षदों का एक साथ जुटना, 18 मार्च को होने वाले चुनाव के लिए अहम माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : महागामा नगर पंचायत में नई नेतृत्व टीम ने संभाला पदभार, आदिवासी परंपरा से हुआ भव्य स्वागत
राजनीति से ऊपर उठ धनबाद का होगा विकास
धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह ने कहा कि नगर निगम के सभी जनप्रतिनिधि मिलकर शहर के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देंगे. उन्होंने पार्षदों से आह्वान किया कि राजनीति से ऊपर उठकर धनबाद के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करें, ताकि शहर को नई दिशा और गति मिल सके.
