RANCHI : गोड्डा के मेहरमा प्रखंड अंतर्गत राम सुंदर राम +2 उच्च विद्यालय में गंदगी और जलजमाव से परेशान छात्रों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया. बारिश के बाद स्कूल के आसपास घुटने तक गंदा पानी जमा हो जाता है. छात्रों को इसी गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है.
छात्रों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आया. बीडीओ अभिनव कुमार मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से नालियों की सफाई और पानी निकासी का काम शुरू कराया। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई.
इसे भी पढे :गोड्डा में वोटर लिस्ट को लेकर घमासान, फॉर्म -7 के जरिए नाम हटाने का आरोप

ग्रामीण विकास मंत्री के इलाके में ही विकास की हकीकत पर सवाल
यह स्कूल महागामा विधानसभा क्षेत्र में आता है, जिसकी विधायक और झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह हैं. ऐसे में स्कूल की बदहाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
वित्तीय वर्ष 2026-27 में ग्रामीण विकास विभाग के लिए 12,346 करोड़ 90 लाख रुपये का बजट रखा गया है. इसके बावजूद बच्चों को स्कूल की बुनियादी समस्या के लिए सड़क पर उतरना पड़ा.
अब सवाल है कि क्या प्रशासन की यह कार्रवाई स्थायी समाधान देगी, या अगली बारिश में फिर बच्चों को इसी गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ेगा.
रिपोर्ट :विजय ठाकुर
