RANCHI: झारखंड में फिलहाल तेज बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. तापमान बढ़ने के साथ लोगों को गर्मी के साथ उमस का भी सामना करना पड़ सकता है. हालांकि, 8 सितंबर के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं. बंगाल की खाड़ी में 8 सितंबर को निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से 9 और 10 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
9-10 सितंबर को बारिश के साथ वज्रपात के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, निम्न दबाव के प्रभाव से 9 और 10 सितंबर को रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवा चलने के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई है. मौसम के इस बदलाव से लोगों को बढ़ते तापमान और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, बारिश की तीव्रता और इसका दायरा आने वाले दिनों में मौसम विभाग के अपडेट पर निर्भर करेगा.
शुक्रवार को रांची में हुई छिटपुट बारिश
शुक्रवार को रांची में कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हुई. वहीं, लातेहार में 3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. राज्य के अन्य हिस्सों में उल्लेखनीय बारिश नहीं हुई. बारिश की गतिविधियां सीमित रहने के बावजूद राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई.
2.4 डिग्री बढ़ा रांची का तापमान
रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह पिछले दिन के मुकाबले 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में लोगों को दिन के समय गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है. इसके बाद 9 और 10 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं.
