L19 DESK : मुख्यमंत्री हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोपों पर 11 अप्रैल को भाजपा जोरदार हल्ला बोल करने वाली है। राज्य के लगभग 32 हजार गांवों से भाजपा कार्यकर्ता रांची आयेंगे और सचिवालय का घेराव करेंगे। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोड्डा से पूरी ट्रेन बुक कर ली है। गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने गोड्डा से रांची तक के लिए स्पेशल ट्रेन बुक की है।
बाबूलाल मरांडी ने दी जानकारी
इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने एक ट्वीट के ज़रिए इसकी जानकारी साझा की है। उनके ट्विट के अनुसार, “झारखण्ड सरकार की भ्रष्ट नीतियों के खिलाफ 11 अप्रैल को सचिवालय घेराव का प्रदर्शन ऐतिहासिक होगा।गोड्डा से हजारों कार्यकर्त्ता रांची आएंगे, सांसद निशीकांत दुबे जी की पहल पर एक विशेष ट्रेन गोड्डा से खुलेगी। गोड्डा, दुमका और देवघर के साथियों से आग्रह है कि वो इस सूचना को अधिकाधिक प्रसारित करें और लोगों से संपर्क स्थापित करें।”
वहीं, गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने भी ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि “रांची में भाजपा के ऐतिहासिक प्रदर्शन 11 अप्रैल के लिए गोड्डा स्टेशन से विशेष ट्रेन दोपहर 2.45 बजे 10 अप्रैल को खुलेगी। यह ट्रेन सभी स्टेशनों पर रुककर 11 अप्रैल को सुबह 3 बजे हटिया रेलवे स्टेशन पहुंचेंगी। गोड्डा, दुमका, देवघर के भाजपा ज़िला अध्यक्ष समन्वय स्थापित करेंगे।”
प्रदर्शन को लेकर हुई बैठक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने 11 अप्रैल को होने वाले हल्ला बोल को लेकर बैठक की। बैठक के पश्चात दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार के विरुद्ध यह प्रदर्शन ऐतिहासिक होने वाला है। झामुमो-कांग्रेस-राजद के गठबंधन की सरकार से जनता ऊब चुकी है। राज्य में महिलाएं सुरक्षित नहीं है, युवा बेरोजगार हैं। राज्य में भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। 11 अप्रैल को रांची में भाजपा का यह जोरदार प्रदर्शन का उद्देश्य सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करना और जनता को जागरूक करना है।
बता दें, भाजपा के इस प्रदर्शन को 2024 में होने वाले लोकसभा और विधानसभा इलेक्शन की तैयारियां कहा जा रहा है।