RANCHI : झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कैबिनेट मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है. पहले यह बैठक सोमवार दोपहर 12:30 बजे प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसका समय बदलकर शाम 4:30 बजे कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार, इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने मंत्रियों के साथ छात्रों की विभिन्न मांगों पर विचार-विमर्श करेंगे. माना जा रहा है कि छात्र आंदोलन को लेकर सरकार की ओर से आगे की रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है.
पहले 12:30 बजे होनी थी बैठक
मुख्यमंत्री ने पहले मंत्रियों की बैठक के लिए दोपहर 12:30 बजे का समय तय किया था. बाद में बैठक का समय बदलकर शाम 4:30 बजे कर दिया गया. ऐसे समय में यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब JPSC-JSSC से जुड़ी मांगों को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं.
दो मंत्री बैठक में नहीं होंगे शामिल
जानकारी के मुताबिक, मंत्री राधाकृष्ण किशोर इस बैठक में शामिल नहीं हो सकेंगे. वहीं मंत्री संजय प्रसाद यादव भी फिलहाल रांची से बाहर हैं.
छात्रों की मांगों पर सरकार की नजर
बैठक में छात्रों की मांगों को लेकर सरकार के स्तर पर आगे क्या कदम उठाए जाएं, इस पर चर्चा होने की संभावना है. छात्रों की ओर से JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच, परीक्षा व्यवस्था में सुधार और अन्य मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है. अब सभी की नजर शाम 4:30 बजे होने वाली इस आपात बैठक पर है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मुख्यमंत्री और उनके मंत्री छात्रों की मांगों को लेकर कोई बड़ा फैसला लेते हैं और क्या सरकार की पहल से आंदोलन को खत्म करने का रास्ता निकलता है.
