RANCHI / SIMDEGA : सिमडेगा पुलिस ने पाकरटांड़ थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में पत्रकार अभिषेक भारती को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उन्हें जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से गिरफ्तार किया. सिमडेगा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीडिया सेल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है.दरअसल, यह मामला सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली एक नाबालिग किशोरी से जुड़ा है.
किशोरी के दादा ने इस संबंध में पाकरटांड़ थाने में कांड संख्या 25/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी. प्राथमिकी में दिलीप तिर्की और पत्रकार अभिषेक भारती को नामजद अभियुक्त बनाया गया था. शिकायत में दोनों पर नाबालिग किशोरी का अपहरण करने और उस पर दबाव बनाकर विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ झूठा बयान दिलवाने का आरोप लगाया गया है.
इस मामले में कार्रवाई करते हुए सिमडेगा पुलिस ने पहले छापेमारी कर दिलीप तिर्की को रांची के जोन्हा जंगल से गिरफ्तार किया था. वहीं, दूसरे नामजद अभियुक्त पत्रकार अभिषेक भारती को बुधवार देर रात जमशेदपुर के बिष्टुपुर से गिरफ्तार किया गया. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. हालांकि, प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी बाकी है. गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों को दोषी तभी माना जा सकता है, जब अदालत में आरोप साबित हों.
