RANCHI : झारखंड के साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र से नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. दुर्गापुर इलाके के एक आवासीय स्कूल में पढ़ने वाली आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ स्कूल के नाइट गार्ड पर दुष्कर्म करने का आरोप है. मामले का खुलासा तब हुआ, जब छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे और उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली. घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजनों ने रांगा थाना में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूल के नाइट गार्ड साहेबराम लोहरा और स्कूल के निदेशक जाफर शेख को गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
छात्रा को धमकी देने का आरोप
पीड़िता के परिजनों के अनुसार, नाइट गार्ड ने छात्रा के साथ कथित तौर पर सात से आठ बार दुष्कर्म किया. आरोप है कि घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपी ने छात्रा को जान से मारने की धमकी दी थी. डर के कारण छात्रा ने लंबे समय तक इस बारे में अपने परिजनों को जानकारी नहीं दी. बताया गया है कि छात्रा स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती थी. अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे चिकित्सक के पास लेकर गए. जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हुई.
स्कूल निदेशक पर भी गंभीर आरोप
पीड़ित परिवार ने स्कूल के निदेशक पर भी मामले को दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है. परिजनों का दावा है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद निदेशक ने उन्हें चुप रहने के लिए दबाव बनाया और कथित तौर पर धमकी भी दी. हालांकि, परिजनों ने मामले को दबाने के बजाय पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया. परिजनों ने 29 सितंबर को रांगा थाना में शिकायत दर्ज कराई.
पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में जांच
शिकायत मिलने के बाद रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है. चूंकि मामला नाबालिग छात्रा से जुड़ा है, इसलिए उसकी पहचान कानून के तहत गोपनीय रखी गई है.
