Vijay Thakur
GODDA : महागामा नगर पंचायत क्षेत्र के बसुआ चौक पर मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर भव्य एवं श्रद्धापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली और पूरा वातावरण “जय भीम” के नारों से गूंज उठा.
इसे भी पढ़ें : इस महीने नहीं आएंगे मंईयां सम्मान योजना के 2500 रुपए, 87 लाख लाभुकों को करना होगा इंतजार
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी गोड्डा जिला अध्यक्ष सुरेश महतो तथा महागामा नगर पंचायत सह महागामा प्रखंड अध्यक्ष अक्षय कुमार यादव उपस्थित रहे. अतिथियों ने बसुआ चौक स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया.
इस अवसर पर वक्ताओं ने बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय के लिए उनके अथक प्रयासों और भारतीय संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को विस्तार से रखा. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके विचारों को आत्मसात करते हुए समानता, न्याय और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
वक्ताओं ने युवाओं से विशेष रूप से शिक्षा को अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की. पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक समरसता और एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला. हर वर्ग के लोगों की भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया. श्रद्धा, सम्मान और उत्साह से भरा यह आयोजन महागामा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा.
इसे भी पढ़ें : पूर्व विधायक दिनेश मरांडी ने पिता साइमन मरांडी की पुण्य-तिथि पर दी श्रद्धांजलि
