RANCHI : पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और सिमडेगा पुलिस की कार्रवाई के विरोध में झारखंड के पत्रकारों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है. रविवार को झारखंड आंचलिक पत्रकार संघ के बैनर तले पत्रकारों ने राजधानी रांची के फिरायालाल चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन में रांची प्रेस क्लब के सदस्य भी शामिल हुए. पत्रकारों ने अभिषेक भारती की तत्काल रिहाई और उन्हें बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की.
प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों ने सिमडेगा पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सरकार से पूरे मामले में अविलंब हस्तक्षेप करने की मांग की. पत्रकारों का आरोप है कि अभिषेक भारती के खिलाफ पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की है. उन्होंने पुलिस की कथित बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने और अभिषेक को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई.
दरअसल, अभिषेक भारती को सिमडेगा पुलिस ने जमशेदपुर से गिरफ्तार किया था. उन पर विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक नाबालिग बच्ची द्वारा दुष्कर्म का आरोप लगाए जाने से संबंधित खबर दिखाने के मामले में कार्रवाई की गई है. इस गिरफ्तारी के बाद से ही राज्यभर के पत्रकारों में नाराजगी देखी जा रही है.
पत्रकारों का कहना है कि किसी खबर को लेकर पत्रकार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के मामले में निष्पक्षता और कानूनी प्रक्रिया का पालन जरूरी है. उन्होंने सरकार से पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर पत्रकार अभिषेक भारती को न्याय दिलाने की मांग की.
फिलहाल, इस मामले को लेकर पत्रकार संगठनों का विरोध तेज होता नजर आ रहा है. रांची में हुए प्रदर्शन के जरिए पत्रकारों ने साफ संदेश दिया कि वे अभिषेक भारती की रिहाई, बेहतर इलाज और पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आवाज उठाते रहेंगे.
इसे भी पढ़े :गोड्डा पुलिस का बढ़ा सम्मान, SP मुकेश कुमार को वीरता पदक मिलने पर जिले में गर्व की लहर
