RANCHI : राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना बुधवार देर रात इंद्रपुरी रोड नंबर-1 की है. मृतक की पहचान विकास महतो के छोटे भाई छोटू महतो उर्फ मिथिलेश के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, धुर्वा निवासी अभिषेक उर्फ लल्लू अपने कुछ साथियों के साथ इंद्रपुरी स्थित विकास महतो के घर पहुंचा था. बताया जा रहा है कि अभिषेक और विकास के बीच लंबे समय से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के सिलसिले में आरोपी अपने साथियों के साथ विकास को तलाशते हुए उसके घर पहुंचा.
हालांकि, घर का मुख्य गेट बंद होने के कारण आरोपी अंदर नहीं जा सके. इसके बाद उन्होंने गेट के बाहर से ही गोलीबारी शुरू कर दी. इसी दौरान एक गोली विकास महतो के छोटे भाई छोटू महतो उर्फ मिथिलेश को लग गई। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में छापेमारी
घटना की सूचना मिलने के बाद सुखदेवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हत्या की वजह पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद बताया जा रहा है.
इसे भी पढ़े : झारखंड के सरकारी स्कूल में दिसंबर में देंगे बच्चे अर्द्धवार्षिक एग्जाम, तारीख जारी
