RANCHI : चिकन लॉलीपॉप खाने की इच्छा, ऑर्डर मिलने में थोड़ी देरी और फिर ऐसा खूनी खेल कि एक दुकानदार को अपनी जान गंवानी पड़ी. राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट में मामूली विवाद ने हत्या का रूप ले लिया. आरोप है कि चिकन लॉलीपॉप देने में देरी से नाराज एक युवक ने दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल दुकानदार की इलाज के दौरान मौत हो गई. अब रांची पुलिस ने इस हत्याकांड के आरोपी अमित कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया है.
चिकन लॉलीपॉप के ऑर्डर में देरी बनी विवाद की वजह
पुलिस के अनुसार, घटना 17 नवंबर की रात की है. आरोपी अमित राय जेपी मार्केट स्थित टेस्टी अंडा सेंटर के पास एक दुकान पर चिकन लॉलीपॉप खाने पहुंचा था. उसने चिकन लॉलीपॉप का ऑर्डर दिया, लेकिन ऑर्डर मिलने में देरी हो गई. इसी बात को लेकर आरोपी नाराज हो गया. आरोप है कि गुस्से में आकर अमित राय ने दुकानदार अजय कुमार दास के गले पर चाकू से हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई. गंभीर रूप से घायल अजय कुमार दास को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई.
पारस अस्पताल में इलाज के दौरान दुकानदार की मौत
घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. घायल दुकानदार को इलाज के लिए पारस अस्पताल भेजा गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. इलाज के दौरान अजय कुमार दास की मौत हो गई.दुकानदार की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी हटिया के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई.
CCTV फुटेज से खुला राज, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान अमित कुमार राय के रूप में की गई. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू, घटना के समय पहनी गई खून लगी शर्ट और एक बाइक बरामद की है. बरामदगी को पुलिस ने मामले की जांच में अहम बताया है.
आरोपी का पहले से रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अमित कुमार राय का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ धुर्वा थाना में वर्ष 2025 में कांड संख्या 59/25 दर्ज है. फिलहाल इस हत्याकांड में पुलिस उससे पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. इस मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
DSP हटिया के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के लिए गठित छापेमारी दल में डीएसपी हटिया नीरज कुमार झा, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर खाने के ऑर्डर में हुई देरी पर कोई इतना हिंसक कैसे हो सकता है कि एक व्यक्ति की जान ही ले ले?
