RANCHI : झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, नियुक्तियों में देरी और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्र आंदोलन एक बार फिर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं. इसी कड़ी में बुधवार को रांची में आंदोलन को दोबारा शुरू करने की तैयारी के बीच पुलिस ने JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच की सदस्य उम्मे हबीबा को डिटेन कर लिया. वह जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के सामने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने और आंदोलन की आगे की रणनीति का ऐलान करने पहुंची थीं.

प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले पुलिस ने रोका
जानकारी के मुताबिक, उम्मे हबीबा बुधवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के सामने पहुंचकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करना चाहती थीं. इसी दौरान मौके पर पहुंची रांची पुलिस ने उन्हें रोक दिया. पुलिस का कहना था कि स्टेडियम के सामने धरना-प्रदर्शन और प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी. अनुमति नहीं होने का हवाला देते हुए पुलिस उन्हें अपने साथ थाने ले गई. इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर छात्र आंदोलन और प्रशासनिक अनुमति को लेकर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.

25 दिनों तक चला था छात्रों का आंदोलन
गौरतलब है कि JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर छात्रों ने 25 जुलाई 2026 को मोरहाबादी से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अपना आंदोलन शिफ्ट किया था. यहां छात्र करीब 25 दिनों तक धरने पर बैठे रहे. 20 अगस्त को आंदोलन समाप्त हुआ था. इस आंदोलन में उम्मे हबीबा भी सक्रिय रूप से शामिल थीं. उन्होंने धरना स्थल पर भूख हड़ताल भी की थी. अब एक बार फिर आंदोलन को नई दिशा देने की कोशिश के बीच पुलिस द्वारा उन्हें डिटेन किए जाने से मामला चर्चा में आ गया है.
22 नवंबर को हजारीबाग में होगी छात्र महापंचायत
इधर, JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच ने 22 नवंबर को हजारीबाग में छात्र महापंचायत आयोजित करने का ऐलान किया है. मंच की योजना झारखंड के पांचों प्रमंडलों में महापंचायत के जरिए युवाओं को एकजुट करने की है. इस महापंचायत में सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर नियुक्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, JSSC-CGL विवाद और भर्ती प्रक्रिया में सुधार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा. मंच का उद्देश्य इन मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाना है. फिलहाल रांची में उम्मे हबीबा को डिटेन किए जाने के बाद छात्र संगठनों की अगली रणनीति पर सबकी नजर है. 22 नवंबर को हजारीबाग में होने वाली महापंचायत से यह साफ हो सकता है कि झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती सुधार आंदोलन आगे किस दिशा में बढ़ेगा.
इसे भी पढ़े : झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा पर हड़ताल का साया, आज रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन आंदोलन पर जाएंगे कर्मचारी
