RANCHI/GIRIDIH :झारखंड के गिरिडीह जिले में धनवार UCO बैंक लूटकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो और दो अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं.
दरअसल, 5 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे पांच हथियारबंद अपराधियों ने धनवार चौक स्थित UCO बैंक में धावा बोला था. अपराधियों ने हथियार के बल पर बैंक के लॉकर से करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के पैकेट और 11 लाख 50 हजार रुपये नकद लूट लिए थे. इस घटना के बाद धनवार थाना में कांड संख्या 288/2026 दर्ज किया गया था.
पांच SIT टीमों ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस ने पांच विशेष जांच टीमों (SIT) का गठन किया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू की. इसी दौरान जमुआ थाना क्षेत्र के बरदबटिया गांव के पास अपराधियों की बाइक सड़क पर बने बड़े गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर गिर गई. इसके बाद अपराधी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले.
जंगल में घेराबंदी कर पहली गिरफ्तारी
पुलिस ने जंगल की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान देवघर जिले के नगर थाना क्षेत्र निवासी मो. रिजवान को गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर झाड़ी में छिपाकर रखा गया एक लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह निवासी सुल्तान अली उर्फ रॉकी और देवघर जिले के गुल्लीपाथर निवासी आयुष पांडेय को भी गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए.

स्कॉर्पियो और दो अपाचे बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो भी जब्त की है. इसके अलावा दो अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं. जब्त वाहनों में स्कॉर्पियो (JH11AB-6214), सफेद रंग की अपाचे (JH11OBS 9796) और ग्रे रंग की अपाचे (JH02BE 6937) शामिल हैं.
लूटे गए सोने और नकदी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मो. रिजवान और सुल्तान अली उर्फ रॉकी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. हालांकि, बैंक से लूटे गए करीब 5 करोड़ रुपये के सोने के पैकेट और 11.50 लाख रुपये नकद की बरामदगी अभी नहीं हुई है. वहीं, इस वारदात में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इसके लिए तीन अतिरिक्त विशेष जांच टीमों का भी गठन किया गया है. पुलिस का कहना है कि लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है.
