RANCHI : झारखंड में फुटबॉल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन (JFA) की नई टीम का चुनाव किया गया है. इस चुनाव में प्रदीप वर्मा को नया अध्यक्ष बनाया गया हैं जो भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद हैं. साथ ह ही शबाना रब्बानी को महासचिव चुना गया है. चुनाव की पूरी प्रक्रिया अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) की ओर से नियुक्त अधिकारियों की मौजूदगी में हुई. इस दौरान सभी जिलों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए.
चुनाव में सेवानिवृत्त IAS अधिकारी इकबाल आलम अंसारी रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में मौजूद रहे. वहीं, AIFF की ओर से मो. शाहिद और ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से शिवेंदु दुबे ने भी चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया. इस मौके पर झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश सचिव गुलाम रब्बानी भी मौजूद थे.
मुकुल चौधरी समेत तीन बने उपाध्यक्ष
नई टीम में पूर्वी सिंहभूम के मुकुल चौधरी को उपाध्यक्ष बनाया गया है. उनके साथ सरायकेला-खरसावां के अजहर अंसारी और नूपुर को भी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है. वहीं, आफताब अहमद को कोषाध्यक्ष चुना गया है. आशा और मंसूर आलम को संयुक्त सचिव बनाया गया है.
झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन की नई टीम, देखें पूरी लिस्ट
नई कार्यकारिणी में कुल 11 लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं.
| नाम | जिम्मेदारी |
|---|---|
| प्रदीप वर्मा | अध्यक्ष |
| मुकुल चौधरी | उपाध्यक्ष |
| अजहर अंसारी | उपाध्यक्ष |
| नूपुर | उपाध्यक्ष |
| शबाना रब्बानी | महासचिव |
| आफताब अहमद | कोषाध्यक्ष |
| आशा | संयुक्त सचिव |
| मंसूर आलम | संयुक्त सचिव |
| सुभाष रजक | कार्यकारिणी सदस्य |
| नवनीत ओझा | कार्यकारिणी सदस्य |
| साजिद अहमद | कार्यकारिणी सदस्य |
खिलाड़ियों को बेहतर मौका देने की होगी चुनौती
नई टीम के गठन के बाद झारखंड में फुटबॉल के विकास को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं. अब नई कार्यकारिणी के सामने राज्य में फुटबॉल प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देने, ग्रामीण इलाकों की प्रतिभाओं को आगे लाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने की जिम्मेदारी होगी. खेल से जुड़े लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी है. अब देखना होगा कि नई टीम झारखंड में फुटबॉल को आगे बढ़ाने के लिए क्या कदम उठाती है.
