RANCHI : बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर से बाहर निकलने के लिए फिलहाल एक ही एग्जिट बूथ होने के कारण यात्रियों को अक्सर वाहनों की कतार में इंतजार करना पड़ता है. कई बार कतार में ही आठ मिनट का निर्धारित फ्री पार्किंग समय समाप्त हो जाता है, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है. एग्जिट बूथ की संख्या बढ़ाने के सवाल पर एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि पार्किंग का लेआउट सिमुलेशन स्टडी के आधार पर तय किया जाता है. इसी अध्ययन के अनुसार बूथ की व्यवस्था भी की गई है. ढांचे में बदलाव की आवश्यकता होने पर इस पर विचार किया जाएगा.
र्मिनल में बढ़ाई गई बैठने की क्षमता
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, पार्किंग में जाम की समस्या पहले की तुलना में काफी कम हुई है. यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए टर्मिनल भवन में 100 नई कुर्सियां लगाई गई हैं. इससे बैठने की क्षमता में करीब 150 यात्रियों का इजाफा हुआ है. वर्तमान में एयरपोर्ट की पीक ऑवर क्षमता लगभग 950 यात्रियों की है. नई व्यवस्था से व्यस्त समय में यात्रियों को बैठने के लिए जगह मिलने में मदद मिलेगी.
कोहरे में लैंडिंग के लिए कैट-2 सिस्टम की तैयारी
आगामी सर्दियों में कोहरे के कारण उड़ानों पर पड़ने वाले असर को कम करने के लिए एयरपोर्ट पर कैट-2 (CAT-II) अप्रोच लाइटिंग सिस्टम लगाने की तैयारी चल रही है. इसके तहत 900 मीटर लंबी अप्रोच लाइटिंग स्थापित की जानी है. फिलहाल इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है. यह व्यवस्था पूरी होने के बाद कम दृश्यता की स्थिति में विमानों की सुरक्षित लैंडिंग में मदद मिलेगी. प्रस्तावित सिस्टम के तहत 550 से 600 मीटर की दृश्यता में भी विमान उतारने की सुविधा मिलने की उम्मीद है.
फ्लाइट में देरी पर यात्रियों को मिलेंगी सुविधाएं
खराब मौसम के कारण उड़ानों में देरी होने की स्थिति में यात्रियों की सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है. एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, डीजीसीए (DGCA) के लागू नियमों के तहत पात्र यात्रियों को रिफंड, टिकट रिशेड्यूल करने और रिफ्रेशमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके लिए टर्मिनल मैनेजर एयरलाइंस के साथ सीधे समन्वय करेंगे.
क्यूआर कोड से दर्ज करा सकेंगे शिकायत
यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को सुनने के लिए एयरपोर्ट परिसर में क्यूआर कोड लगाए गए हैं. इन्हें स्कैन कर यात्री अपना फीडबैक और शिकायत दर्ज करा सकते हैं. इसके अलावा, पैसेंजर चार्टर से संबंधित क्यूआर कोड के जरिए यात्री अपने अधिकारों की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं. जरूरत पड़ने पर यात्री टर्मिनल ऑफिस में जाकर भी अपनी शिकायत या सुझाव दे सकते हैं.
त्योहारी सीजन में नई उड़ानें शुरू करने की उम्मीद
आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रांची एयरपोर्ट से नई उड़ानें शुरू करने को लेकर एयरलाइंस के साथ बातचीत चल रही है. एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार के अनुसार, कुछ एयरलाइंस ने नई उड़ानें शुरू करने का भरोसा दिया है. हालांकि, फिलहाल नए रूट और उड़ानों का शेड्यूल तय नहीं हुआ है.
