RANCHI : राजधानी रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम का ताला आखिरकार 47 दिन बाद सोमवार को खोल दिया गया. स्टेडियम खुलने से मॉर्निंग वॉकरों और आसपास रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है. लंबे समय से स्टेडियम बंद होने के कारण सुबह की सैर और व्यायाम के लिए परेशान लोगों में गेट खुलते ही खुशी देखने को मिली. रांची नगर निगम की मेयर रोशनी खलखो ने मॉर्निंग वॉकरों की मौजूदगी में स्टेडियम का मुख्य गेट खोला. इसके बाद उन्होंने मॉर्निंग वॉकरों के साथ पूरे स्टेडियम परिसर का भ्रमण किया और वहां की स्थिति का जायजा लिया.
स्टेडियम खुलते ही खिले मॉर्निंग वॉकरों के चेहरे
जयपाल सिंह स्टेडियम लंबे समय से मॉर्निंग वॉकरों के लिए बंद था. स्टेडियम का गेट खुलने के बाद सुबह टहलने और व्यायाम करने वाले लोगों ने राहत की सांस ली. लोगों का कहना है कि स्टेडियम उनके लिए मॉर्निंग वॉक और नियमित एक्सरसाइज का प्रमुख स्थान है. स्टेडियम बंद रहने के कारण लोगों को सुबह की सैर के लिए दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ रहा था. ऐसे में 47 दिन बाद स्टेडियम खुलने से स्थानीय लोगों को अपनी पुरानी दिनचर्या फिर से शुरू करने की उम्मीद जगी है.
लोगों की परेशानी को देखते हुए लिया गया फैसला
मौके पर मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि जयपाल सिंह स्टेडियम लंबे समय से बंद था, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को मॉर्निंग वॉक और व्यायाम करने में परेशानी हो रही थी. लोगों की समस्या को देखते हुए स्टेडियम को दोबारा खोल दिया गया है. उन्होंने कहा कि स्टेडियम का इस्तेमाल स्थानीय लोग नियमित रूप से सुबह की सैर और व्यायाम के लिए करते हैं. इसके खुलने से लोगों को अपनी नियमित दिनचर्या में लौटने में सुविधा होगी.
छात्रों के आंदोलन के बाद बंद हुआ था स्टेडियम
गौरतलब है कि JPSC और JSSC की परीक्षाएं रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों ने जयपाल सिंह स्टेडियम में 26 दिनों तक आंदोलन किया था. आंदोलन खत्म होने के बाद जिला प्रशासन की ओर से स्टेडियम परिसर में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई थी. इसके बाद नगर निगम ने स्टेडियम के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया था.लगातार कई दिनों तक स्टेडियम बंद रहने से मॉर्निंग वॉकरों के साथ आसपास के स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. सुबह टहलने और व्यायाम के लिए आने वाले लोगों को दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा था.
47 दिन बाद फिर लौटेगी सुबह की रौनक
स्टेडियम का ताला खुलने के साथ ही 47 दिनों से बंद पड़े परिसर में एक बार फिर सुबह की रौनक लौटने की उम्मीद है. गेट खुलने के बाद मॉर्निंग वॉकरों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे राहत भरा कदम बताया. स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेडियम के दोबारा खुलने से अब उन्हें सुबह टहलने, दौड़ने और व्यायाम के लिए बेहतर और सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा.
