RANCHI : एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है. फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल जीता. इस ऐतिहासिक जीत में झारखंड की चार बेटियों- सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, दीपिका सोरेंग और ब्यूटी डुंगडुंग की भी अहम भूमिका रही. खास बात यह है कि भारतीय महिला हॉकी टीम की कमान झारखंड की बेटी सलीमा टेटे के हाथों में थी. टीम की कप्तानी करते हुए उन्होंने भारत को एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
10वें मिनट में आया निर्णायक गोल
फाइनल मुकाबले में भारत की ओर से लालरेमसियामी ने 10वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. इसके बाद चीन की टीम ने लगातार हमले किए, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार डिफेंस करते हुए अपनी बढ़त कायम रखी. आखिरकार मुकाबला भारत के पक्ष में 1-0 से समाप्त हुआ और भारतीय महिला हॉकी टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया.
झारखंड की चार खिलाड़ियों को मिलेंगे 1.60 करोड़ रुपये
एशियन गेम्स में झारखंड के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर अब राज्य सरकार की स्पोर्ट्स एक्सीलेंस कैश अवार्ड स्कीम के तहत पुरस्कार राशि मिलने का रास्ता साफ हुआ है. योजना के तहत एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 40 लाख रुपये देने का प्रावधान है. इस हिसाब से झारखंड की चारों खिलाड़ियों को 40-40 लाख रुपये मिलेंगे. सलीमा टेटे – 40 लाख रुपये, निक्की प्रधान – 40 लाख रुपये, दीपिका सोरेंग – 40 लाख रुपये, ब्यूटी डुंगडुंग – 40 लाख रुपये. इस तरह चारों खिलाड़ियों की कुल पुरस्कार राशि 1 करोड़ 60 लाख रुपये होगी.
सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल पर भी पुरस्कार
राज्य की स्पोर्ट्स एक्सीलेंस कैश अवार्ड स्कीम के तहत एशियन गेम्स में रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 25 लाख रुपये, जबकि कांस्य पदक विजेता को 12 लाख रुपये देने का प्रावधान है. हालांकि, पुरस्कार राशि के लिए खिलाड़ियों को सरकार की निर्धारित प्रक्रिया और पात्रता संबंधी शर्तों को पूरा करना होगा.
झारखंड के लिए गौरव का पल
एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम की स्वर्णिम सफलता में झारखंड की इन चार बेटियों की मौजूदगी राज्य के लिए गर्व की बात है. सलीमा टेटे की कप्तानी और निक्की प्रधान, दीपिका सोरेंग व ब्यूटी डुंगडुंग के योगदान ने झारखंड की हॉकी प्रतिभा को एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है. गोल्ड मेडल के साथ अब इन चारों खिलाड़ियों के खाते में कुल 1.60 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि जुड़ने की उम्मीद है.
इसे भी पढें : रातू रोड ओवरब्रिज पर चाइनीज मांझे का खतरा, हादसे रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग
