RANCHI : राजधानी रांची के प्रेस क्लब में बुधवार को छात्रों और छात्राओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परीक्षा व्यवस्था और लंबित सुधार प्रक्रिया को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. छात्रों का कहना है कि छात्र आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए कमिटी गठित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कमिटी का गठन नहीं हो सका है. छात्रों ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में जरूरी सुधार नहीं होने की वजह से नई और बेहतर परीक्षा व्यवस्था को लागू करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है. इसका सीधा असर उन लाखों अभ्यर्थियों पर पड़ रहा है, जो आने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं. छात्रों के मुताबिक, परीक्षा को लेकर स्पष्ट और नियमित व्यवस्था नहीं होने से अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
बार-बार आंदोलन और प्रदर्शन से पढ़ाई हो रही प्रभावित
प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्रों ने यह भी कहा कि उन्हें अपनी पढ़ाई छोड़कर बार-बार सरकार के सामने अपनी मांग रखने के लिए आंदोलन और प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ रहा है. छात्रों का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य पढ़ाई करना और परीक्षा की तैयारी करना है, लेकिन परीक्षा व्यवस्था में सुधार और नियमित परीक्षा आयोजन की मांग को लेकर उन्हें लगातार सरकार का ध्यान आकर्षित करना पड़ रहा है.
छात्रों की सरकार से क्या मांग?
छात्रों ने सरकार से मांग की है कि बिना किसी और देरी के रिफॉर्म कमिटी का गठन किया जाए और परीक्षा प्रणाली में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए. साथ ही छात्रों ने नियमित और पारदर्शी तरीके से प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन सुनिश्चित करने की मांग की है. छात्रों का कहना है कि परीक्षा कैलेंडर और परीक्षा प्रणाली को लेकर स्पष्टता होने से अभ्यर्थी बेहतर तरीके से अपनी तैयारी कर सकेंगे. उन्होंने सरकार से जल्द निर्णय लेकर लंबित सुधार प्रक्रिया को लागू करने की अपील की है.
