GODDA : महागमा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने मेहरमा थाना का निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली, पुलिसिंग व्यवस्था और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में दर्ज विभिन्न मामलों और लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
SDPO वरुण रजक ने पुलिस पदाधिकारियों को क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ नियमित रूप से गश्ती करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता से अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सकती है. इसके लिए संवेदनशील और संदिग्ध स्थानों पर विशेष निगरानी रखने की बात कही गई.
उन्होंने थाना क्षेत्र में नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साथ ही क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने को कहा.
निरीक्षण के दौरान मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर सहित सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. SDPO ने पुलिस पदाधिकारियों को आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने थाना की पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
