RANCHI/HAZARIBAGH : जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की कथित खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 29 पुड़िया में करीब 8 ग्राम संदिग्ध नशीला पदार्थ और दो मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है. दोनों युवकों की पहचान अम्बेडकर मोहल्ला निवासी सुनिल कुमार राम (25) और रुपेश कुमार (19) के रूप में हुई है.
मंदिर के पास चल रही थी कथित खरीद-बिक्री
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को हजारीबाग एसपी को सूचना मिली थी कि बड़कागांव थाना क्षेत्र के गुरुचट्टी स्थित रामजानकी मंदिर के आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना मिलने के बाद बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने मंदिर के आसपास निगरानी शुरू की. इसी दौरान एक पुराने और जर्जर मकान के पीछे दो युवकों को कागज की पुड़िया में संदिग्ध पदार्थ का लेन-देन करते देखा गया. पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया.
29 पुड़िया में करीब 8 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से 29 पुड़िया में करीब 8 ग्राम संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद किया गया. पुलिस ने इसे ब्राउन शुगर बताया है. इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने बड़कागांव क्षेत्र में ब्राउन शुगर की पुड़िया तैयार कर बेचने और इससे मुनाफा कमाने की बात स्वीकार की है. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने नशीले पदार्थ के सेवन की बात भी बताई है.
पुलिस ने शुरू की आगे की कानूनी कार्रवाई
मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. छापेमारी टीम में थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, राकेश खवास समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में कथित नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं.
