RANCHI/GIRIDIH : क्या आज भी किसी बीमार इंसान को अस्पताल पहुंचाने के लिए खटिया का सहारा लेना पड़ेगा? क्या गांव तक एक पक्की सड़क भी नहीं पहुंच सकती? गिरिडीह के बरमसिया गांव से सामने आया एक वीडियो यही सवाल खड़ा कर रहा है. यहां एक बीमार व्यक्ति को ग्रामीण खटिया पर लादकर करीब एक किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक ले जाने को मजबूर हुए. देवरी प्रखंड के भेलवाघाटी पंचायत के बरमसिया गांव स्थित लोही टोला का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वीडियो में ग्रामीण मुंशी किस्कू को खटिया पर लादकर मुख्य सड़क तक ले जाते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह घटना बुधवार देर शाम की है. जानकारी के मुताबिक, मुंशी किस्कू बीमार हैं और उन्हें इलाज के लिए बुधवार को गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक पक्की सड़क नहीं होने और रास्ते की हालत खराब होने के कारण एंबुलेंस और दूसरे वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते. ऐसे में मरीज को अस्पताल ले जाने के लिए ग्रामीणों को खटिया का सहारा लेना पड़ता है.

बरसात में बढ़ जाती है परेशानी
ग्रामीणों के मुताबिक, बरसात के दिनों में हालात और भी मुश्किल हो जाते हैं. रास्ते में कीचड़ और गड्ढों के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. ऐसे में अगर किसी की तबीयत अचानक बिगड़ जाए, तो उसे समय पर अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन जाता है. सवाल यह है कि जब किसी गांव में सड़क ही नहीं होगी, तो आपात स्थिति में मरीज को अस्पताल तक कैसे पहुंचाया जाएगा? आखिर कब तक ग्रामीण इस तरह की परेशानी झेलते रहेंगे?

ग्रामीणों ने लगाए अनदेखी के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकला है. उनका कहना है कि सड़क के अभाव में रोजमर्रा के आवागमन से लेकर स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति तक में परेशानी होती है.
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से बरमसिया गांव तक पक्की सड़क बनाने या मौजूदा रास्ते को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे.
अब सवाल प्रशासन से है कि क्या वायरल वीडियो के बाद बरमसिया गांव की सड़क की समस्या पर ध्यान दिया जाएगा? क्या ग्रामीणों को जल्द पक्की सड़क मिलेगी, या फिर मरीजों को इसी तरह खटिया पर लादकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ेगा?
इसे भी पढ़े : साढ़े चार घंटे सड़क पर खड़ा रहा ट्रक, चार जिंदगियां चली गईं,अब जिम्मेदारी पर सवाल
