GIRIDIH : दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्धकर्म कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को गिरिडीह पहुंचे. उत्सव उपवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सुदिव्य सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि देने पहुंचे.
कल्पना सोरेन के बाद CM हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि
सुदिव्य सोनू के श्राद्धकर्म से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन बुधवार को गिरिडीह पहुंची थीं. उन्होंने कार्यक्रम स्थल के साथ सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया था.अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए.
30 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्राद्धकर्म कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत किया है. कार्यक्रम स्थल पर चार बड़े पंडाल बनाए गए हैं. इनमें दो पंडालों में एक साथ 2500 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. लोगों की सुविधा के लिए श्रद्धांजलि अर्पित करने के अलग-अलग स्थान और पेयजल स्टॉल भी तैयार किए गए हैं. वहीं, पार्किंग के लिए छह स्थान चिह्नित किए गए हैं.
भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रोक
भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए गिरिडीह शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. डीसी, एसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं. प्रशासन ने गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर भी रोक लगाई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे.
6 सितंबर को हुआ था सुदिव्य सोनू का निधन
बता दें कि सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर को निधन हुआ था. इसके बाद गिरिडीह में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था. अब 17 सितंबर को आयोजित द्वादशा एवं श्राद्धकर्म कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं.
