GIRIDIH/ RANCHI : झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशा एवं श्राद्धकर्म का आयोजन आज, 17 सितंबर को गिरिडीह स्थित उत्सव उपवन में किया जाएगा. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. करीब 30 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान है. इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल और बैठने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है.
चार बड़े पंडाल, 6 पार्किंग स्लॉट तैयार
श्राद्धकर्म कार्यक्रम के लिए उत्सव उपवन परिसर में चार बड़े पंडाल बनाए गए हैं. इनमें से दो पंडालों में एक साथ 2500 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए अलग-अलग स्थान तैयार किए गए हैं. कार्यक्रम स्थल पर मुख्य द्वार समेत कुल तीन प्रवेश मार्ग बनाए गए हैं. इनमें एक प्रवेश द्वार वीआईपी मेहमानों के लिए निर्धारित है. वीआईपी के लिए अलग वेटिंग हॉल की व्यवस्था की गई है. आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में कई जगह पेयजल स्टॉल भी लगाए गए हैं.
कल्पना सोरेन ने तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन बुधवार को गिरिडीह पहुंचीं. उन्होंने कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आवास का भी दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है. इसके अलावा बड़ी संख्या में आम लोगों के भी पहुंचने की उम्मीद है.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
बड़ी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए गिरिडीह शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है. वाहनों की पार्किंग के लिए छह स्थान चिह्नित किए गए हैं. डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ. विमल कुमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो.
17 सितंबर को भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
संभावित भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से रात 11:59 बजे तक गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है. इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और कार्यक्रम में आने वाले लोगों को परेशानी से बचाने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.
6 सितंबर को हुआ था सुदिव्य सोनू का निधन
बता दें कि झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर को निधन हो गया था. इसके बाद गिरिडीह में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था. अब 17 सितंबर को आयोजित द्वादशा एवं श्राद्धकर्म कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.
