RANCHI : झारखंड में अब सड़क सिर्फ आने-जाने का रास्ता नहीं होगी, बल्कि उसे आधुनिक सुविधाओं से लैस स्मार्ट रोड के तौर पर विकसित किया जाएगा. रांची में राज्य की पहली 10 लेन स्मार्ट रोड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. करीब 177 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का काम पश्चिम बंगाल की कंपनी रामचंद्र पाल को दिया गया है. सड़क निर्माण से पहले सर्वे का काम शुरू हो चुका है। इसमें स्टेट हाइवे ऑथोरिटी ऑफ झारखंड यानी साज की टीम भी शामिल है. करीब दो महीने पहले इस परियोजना के लिए टेंडर जारी किया गया था.
इसे भी पढें : झारखंड में AI बताएगा जमीन के नीचे कहां छिपा है खनिज का खजाना, ऐसे होगी नई तकनीक से खोज
विवेकानंद स्कूल मोड़ से नयासराय आरओबी तक बनेगी सड़क.
प्रस्तावित स्मार्ट रोड ओल्ड विधानसभा के आगे विवेकानंद स्कूल मोड़ से शुरू होगी. यह सड़क जगन्नाथ मंदिर, हाईकोर्ट और विधानसभा भवन के मुख्य मार्ग से होते हुए नयासराय आरओबी तक जाएगी. विवेकानंद स्कूल मोड़ से नयासराय आरओबी तक लगभग 6.089 किलोमीटर हिस्से को सिक्स लेन बनाया जाएगा. सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड के साथ टू-लेन पेव्ड शोल्डर भी विकसित किया जाएगा. इसके आगे नयासराय आरओबी से नयासराय होते हुए रिंग रोड तक करीब 2.12 किलोमीटर मौजूदा सड़क को चौड़ा किया जाएगा. इस हिस्से में टू-लेन सड़क के साथ सड़क किनारे पेव्ड शोल्डर बनाने की योजना है.
सड़क के साथ मिलेगी घूमने और बैठने की सुविधा.
इस परियोजना की खास बात यह है कि सड़क को केवल ट्रैफिक के लिहाज से विकसित नहीं किया जाएगा. इसे लोगों के लिए ज्यादा सुविधाजनक और आकर्षक बनाने पर भी जोर रहेगा. सड़क के किनारे बैठने के लिए बेंच और कुर्सियां लगाई जाएंगी. जगह-जगह खुली, झोपड़ीनुमा संरचनाएं बनाई जाएंगी, जहां लोग बैठकर कुछ देर आराम कर सकेंगे. पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ की व्यवस्था होगी, जबकि साइकिल चलाने वालों के लिए अलग साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा. सड़क के बीच और किनारे हरियाली विकसित करने के लिए पौधरोपण भी किया जाएगा. फूलों वाले पौधों से सड़क को आकर्षक बनाने की योजना है.
साइकिल ट्रैक के ऊपर लगेंगे सोलर पैनल.
स्मार्ट रोड की सबसे खास व्यवस्थाओं में सोलर सिस्टम भी शामिल है. साइकिल ट्रैक के ऊपर सोलर पैनल लगाए जाने की योजना है. इनसे बिजली तैयार कर सड़क की लाइटिंग व्यवस्था को सपोर्ट किया जाएगा. यानी एक ही सड़क पर बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के साथ पैदल चलने वालों, साइकिल सवारों और आम लोगों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाएगा.
रांची को मिलेगी आधुनिक सड़क की नई पहचान.
इस परियोजना का उद्देश्य सड़क की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ इसे सुरक्षित, सुविधाजनक और खूबसूरत बनाना है. निर्माण के दौरान सड़क की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई है. अगर परियोजना तय योजना के मुताबिक पूरी होती है, तो रांची में बनने वाली यह स्मार्ट रोड झारखंड में आधुनिक सड़क निर्माण का एक नया मॉडल बन सकती है.
इसे भी पढें :झारखंड में 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, इन इलाकों में वज्रपात का खतरा
