RANCHI : झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है.बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विज्ञान केंद्र ने कई जिलों के लिए भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
26 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 26 अगस्त को गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश हो सकती है. वहीं रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश होने की संभावना है.
इसे भी पढ़े : राहुल दुबे गैंग पर चतरा पुलिस का बड़ा प्रहार मुठभेड़ में गैंग का अपराधी विकास कुमार गोली लगने से घायल
27 अगस्त को कई जिलों में बारिश का अलर्ट
27 अगस्त को चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, धनबाद और रांची के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
28 और 29 अगस्त को भी भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 28 अगस्त को गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं 29 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है.
रांची में बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट
राजधानी रांची में भी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा को लेकर चेतावनी जारी की गई है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 26 से 30 अगस्त तक राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.
रांची में 26 अगस्त को अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, इस दौरान तापमान से ज्यादा बारिश, वज्रपात और मौसम में अचानक बदलाव पर नजर रखना जरूरी है.
वज्रपात के दौरान बरतें सावधानी
बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
- खुले मैदान में खड़े होने से बचें
- पेड़ों के नीचे शरण न लें
- बिजली के खंभों और तारों से दूर रहें
- तेज बारिश और आंधी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें
- मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहें
मंगलवार को जमशेदपुर में सबसे ज्यादा बारिश
मंगलवार को झारखंड में सबसे अधिक 5.3 मिमी बारिश जमशेदपुर में दर्ज की गई। वहीं राजधानी रांची में 0.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए आने वाले दिनों में झारखंड के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और वज्रपात के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है.
इसे भी पढ़े : विधायक जयराम महतो पर पुलिस अधिकारी से गाली-गलौज का आरोप, पुलिस एसोसिएशन ने कार्रवाई और माफी की मांग की
