चतरा: जिले के कोयलांचल इलाके में सक्रिय राहुल दुबे गैंग के खिलाफ चतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार तड़के टंडवा-पिपरवार थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में पुलिस और गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विकास कुमार नामक अपराधी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, कोयलांचल क्षेत्र में हाल में हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों की तलाश में लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ अपराधी टंडवा-पिपरवार के सीमावर्ती इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर टंडवा और पिपरवार थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान पुलिस का सामना अपराधियों से हो गया।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
चतरा एसपी अनिमेष नैथानी के मुताबिक, पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान विकास कुमार के पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। मुठभेड़ में घायल विकास कुमार को पुलिस ने तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए उसे हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
दो दिन पहले कंपनी के दफ्तर में हुई थी फायरिंग
पुलिस की यह कार्रवाई उस घटना के दो दिन बाद हुई है, जिसमें चंद्रगुप्त कोल परियोजना स्थित सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय में बाइक सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने करीब 20 राउंड फायरिंग की थी। इस फायरिंग में ड्यूटी पर तैनात SIS प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था। वारदात के बाद मौके पर एक हस्तलिखित पर्चा भी छोड़ा गया था, जिसमें गिरोह की ओर से घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था।
फरार अपराधियों की तलाश जारी
इस घटना के बाद से ही चतरा पुलिस राहुल दुबे गैंग के खिलाफ लगातार अभियान चला रही थी। टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही थी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एसपी अनिमेष नैथानी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान जारी रहेगा।
