RANCHI : JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच से जुड़ी एक छात्रा ने कथित छेड़छाड़, मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप में झामुमो नेताओं समेत आठ नामजद लोगों के खिलाफ कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.मामले में 40 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.
प्राथमिकी में झामुमो के रांची जिला संयोजक मुश्ताक के अलावा झामुमो नेता नवीन चंचल, उत्तम यादव, शाहबाज मल्लिक, आशुतोष वर्मा उर्फ सोनू वर्मा, अंकिता वर्मा, डॉ. हेमलाल कुमार मेहता और अश्वनी शर्मा के नाम शामिल हैं.
पुतला छीनने, मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप
छात्रा ने आरोप लगाया है कि 21 अगस्त को बापू वाटिका से फिरायालाल चौक जाने के दौरान आरोपियों ने उसका पुतला छीन लिया.इसके बाद उसके साथ मारपीट और कथित छेड़छाड़ की गई। छात्रा का यह भी आरोप है कि उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया.
इसे भी पढ़े : नेमरा में भर्ती यात्रा का विरोध, ग्रामीण बोले- गांव में मुख्यमंत्री का विरोध बर्दाश्त नहीं
छात्रा के अनुसार, वह लगातार पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने का आग्रह कर रही थी, लेकिन केस दर्ज नहीं किया जा रहा था.इसके बाद वह अपने समर्थकों के साथ कोतवाली थाना पहुंची, जहां प्राथमिकी दर्ज कराई गई.
बाबूलाल मरांडी समेत कई भाजपा नेता पहुंचे थाना
प्राथमिकी दर्ज कराने के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व सांसद दीपक प्रकाश और पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी भी कोतवाली थाना पहुंचे.
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, इसी दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की. उन्होंने घटना के दौरान तैनात मजिस्ट्रेट की भूमिका पर भी सवाल उठाया.
कार्रवाई नहीं हुई तो 25 अगस्त को घेराव की चेतावनी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जिस कार्यक्रम में मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, उसी दौरान कथित तौर पर घटना हुई. उन्होंने सवाल उठाया कि संबंधित लोगों के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई.
मरांडी ने चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई, तो भाजपा कार्यकर्ता 25 अगस्त को संबंधित मजिस्ट्रेट के कार्यालय का घेराव करेंगे.
फिलहाल पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
इसे भी पढ़े :जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के ‘एक्स’ हैंडल की जांच शुरू, यूजर की पहचान के लिए एक्स कॉर्प को नोटिस
