RANCHI : झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन अब नए चरण में प्रवेश करने जा रहा है. छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में आज, 24 अगस्त से ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ शुरू की जाएगी. यात्रा की शुरुआत रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा गांव से होगी, जिसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता दिवंगत शिबू सोरेन के पैतृक गांव के तौर पर जाना जाता है.
यात्रा की शुरुआत आज सुबह 11 बजे होने की जानकारी सामने आई है. अभियान के जरिए राज्य की भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की मांग को लेकर छात्रों और युवाओं के बीच जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों तक पहुंचाने की योजना है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में फिर बदलेगा मौसम, 27 अगस्त तक बारिश-वज्रपात का अलर्ट
आखिर क्यों निकाली जा रही है यात्रा?
देवेंद्र नाथ महतो का कहना है कि झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थियों के बीच सवाल उठते रहे हैं. परीक्षा में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक, पारदर्शिता की कमी और भर्ती प्रक्रिया को लेकर विवाद जैसे मुद्दों ने युवाओं की चिंता बढ़ाई है. महतो के मुताबिक, आंदोलन का मकसद केवल किसी एक परीक्षा को रद्द कराना नहीं, बल्कि ऐसी भर्ती व्यवस्था तैयार कराने की मांग करना है, जिसमें भविष्य में गड़बड़ी की गुंजाइश कम से कम हो.
छात्रों के बीच चलेगा जनजागरूकता अभियान
यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में छात्रों, शिक्षकों, प्रोफेसरों और आम लोगों से संवाद करने की योजना है. इसके जरिए भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर लोगों को जानकारी देने और इस मांग के समर्थन में जनमत तैयार करने का प्रयास किया जाएगा. यात्रा की शुरुआत झारखंड की पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किए जाने की भी बात कही गई है. नेमरा में पारंपरिक कार्यक्रमों के साथ यात्रा का आगाज होगा.
इसे भी पढ़ें : सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचें, भड़काऊ मैसेज तुरंत पुलिस को दें : रांची पुलिस
आंदोलन का अगला चरण
JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं को लेकर पिछले दिनों झारखंड में छात्र आंदोलन तेज रहा है. इसी आंदोलन के अगले चरण के रूप में अब ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ का ऐलान किया गया है. देवेंद्र नाथ महतो का कहना है कि युवाओं की लड़ाई केवल वर्तमान विवादों तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए पारदर्शी और भरोसेमंद भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करना भी इसका उद्देश्य है.
अब देखना होगा कि नेमरा से शुरू होने वाली यह यात्रा राज्य के अलग-अलग जिलों में कितना समर्थन जुटाती है और भर्ती व्यवस्था में सुधार को लेकर सरकार पर कितना दबाव बनता है.
