RANCHI \ DHANBAD : धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश होने के लिए 10 दिन का अतिरिक्त समय मांगा है. बताया गया है कि आरती सिंह ने ईडी को दिए आवेदन में कहा है कि वह फिलहाल झारखंड से बाहर हैं, इसलिए निर्धारित तारीख पर पेश नहीं हो सकीं.

इसे भी पढें : झारखंड सीएमओ को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
दरअसल, कोयला घोटाले से जुड़े मामले में ईडी की छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों की जांच के बाद एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह, उनके भाई और साले को पूछताछ के लिए समन जारी किया गया था. आरती सिंह को 20 अगस्त को ईडी के सामने पेश होना था, लेकिन वह पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुईं.
अब आरती सिंह ने ईडी से पेशी के लिए 10 दिन का समय मांगा है. उनके आवेदन पर ईडी की ओर से फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया गया है. माना जा रहा है कि आवेदन पर निर्णय के बाद पूछताछ के लिए नई तारीख तय की जा सकती है और उन्हें दोबारा समन भेजा जा सकता है.
वहीं, एलबी सिंह के भाई और साले ने भी ईडी के सामने पेश होने के लिए समय मांगा था. दोनों ने करीब एक महीने का समय देने का अनुरोध किया था. एक ने अपनी मां की बीमारी, जबकि दूसरे ने अपने भाई की बीमारी का हवाला देते हुए पेशी टालने की मांग की थी.
हालांकि, ईडी ने दोनों की समय देने की मांग को स्वीकार नहीं किया. एजेंसी ने दोनों को अगले सप्ताह पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश देते हुए नया समन जारी किया है.
अब आरती सिंह के आवेदन पर ईडी क्या फैसला लेती है, इस पर नजर है. यदि समय देने का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाता है, तो ईडी की ओर से उन्हें नई तारीख पर पेश होने के लिए निर्देश दिया जा सकता है.
