RANCHI : लोअर बाजार थाना क्षेत्र में यौन शोषण और अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय सौरभ लिंडा के रूप में हुई है. वह नया सराय का रहने वाला बताया गया है. पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 15 अगस्त 2026 को लोअर बाजार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने सौरभ लिंडा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की. मामले की जानकारी मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच और कार्रवाई शुरू की.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी सौरभ लिंडा को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई. पुलिस ने आरोपी के पास से 2 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, इन मोबाइल फोन का इस्तेमाल मामले से जुड़े घटनाक्रम में किया गया था. दोनों मोबाइल को जब्त कर जांच के लिए रखा गया है.
मामले की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जब्त मोबाइल फोन की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित वीडियो को कैसे और कहां वायरल किया गया. छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार रजक, पुलिस अवर निरीक्षक सुधीर बाड़ा और थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
