RANCHI : झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए झारखंड शिक्षा सेवा के 42 अधिकारियों का ट्रांसफर और नई पदस्थापना कर दी है.
विभाग की ओर से बुधवार को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई. इस बदलाव को शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर हत्या कांड : भाजपा ने 3 जुलाई को बंद का किया ऐलान, कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
इस तबादले में सबसे अहम नियुक्ति झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के सचिव पद पर की गई है. पिछले करीब एक महीने से खाली पड़े इस पद पर सच्चिदानंद द्विवेंदु तिग्गा (एस.डी. तिग्गा) को नियुक्त किया गया है.
इससे पहले वे झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) में प्रशासी पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थे.राजधानी रांची में भी बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है.
मो. वसीम अहमद को रांची जिले का नया जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) बनाया गया है. वहीं पूर्वी सिंहभूम के जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद का नया प्रशासी पदाधिकारी नियुक्त किया गया है.
चतरा जिले में लंबे समय से कार्यरत जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्र का भी तबादला किया गया है. उन्हें धनबाद के गोविंदपुर डायट का प्राचार्य बनाया गया है.
उनकी जगह कंचन कुमारी को चतरा का नया जिला शिक्षा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. इसके अलावा दीप्ति कुमारी को खूंटी का नया डीईओ बनाया गया है.
जैक में सचिव की नियुक्ति के साथ ही पिछले एक महीने से लंबित कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक कार्यों और परीक्षाओं का रास्ता साफ हो गया है.
सचिव पद खाली रहने के कारण कक्षा 8वीं, 9वीं और 11वीं की विशेष परीक्षाएं, विभिन्न आवासीय विद्यालयों में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षाएं तथा मदरसा और मध्यमा (संस्कृत) परीक्षाओं से जुड़ी प्रक्रियाएं प्रभावित थीं.
शिक्षा विभाग द्वारा जारी तबादला सूची में कई अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. आशीष कुमार पांडेय को उप निदेशक प्राथमिक शिक्षा बनाया गया है.
अपरूपा पॉल चौधरी को डायट रातू का प्राचार्य, भूतनाथ रजवार और कुमार हर्ष को जैक का संयुक्त सचिव बनाया गया है.
नीलम कुमारी को बोकारो, जगरनाथ लोहरा को गढ़वा और प्रिंस कुमार को पश्चिमी सिंहभूम का जिला शिक्षा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है.
वहीं निशु कुमारी को पूर्वी सिंहभूम का डीईओ, जूही रानी को जिला शिक्षा अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम तथा अमित कुमार को खूंटी का अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी बनाया गया है.
शिक्षा विभाग के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल से राज्य की शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है.
