RANCHI : झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. आज 27 जून को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के मध्य, दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है. इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका है.

आज कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात और तेज हवा को लेकर प्रशासन सतर्क
राजधानी रांची समेत खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और आसपास के जिलों में बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है. लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी है क्योंकि धान की रोपाई को गति मिलेगी. वहीं दूसरी ओर शहरी इलाकों में जलजमाव, ट्रैफिक जाम और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गरज और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और जलाशयों के आसपास खड़े होने से बचें. मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.
फिलहाल अगले कुछ दिनों तक झारखंड में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है. ऐसे में राज्य के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
इसे भी पढ़े : 3 जुलाई तक झारखंड में बारिश-बिजली का अलर्ट! मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी
