RANCHI : झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. राज्य को जल्द ही एक नई अमृत भारत ट्रेन की सौगात मिल सकती है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रांची और अजमेर के बीच वाया जयपुर अमृत भारत वर्जन 3.0 ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से झारखंड और राजस्थान के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा तथा यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बेहतर सुविधा मिलेगी.
इसे भी पढ़े : झारखंड में मानसून सक्रिय, आज कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना

रांची-अजमेर के बीच शुरू हो सकती है नई सेवा
बताया जा रहा है कि प्रस्तावित अमृत भारत ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी. ट्रेन में सामान्य और स्लीपर श्रेणी के यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव देने के लिए कई नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. अमृत भारत ट्रेनों को कम लागत में अधिक सुविधाएं देने वाले मॉडल के रूप में विकसित किया गया है और भारतीय रेलवे देशभर में इनके नेटवर्क का लगातार विस्तार कर रहा है. रेलवे के इस कदम से झारखंड के यात्रियों को राजस्थान, दिल्ली और उत्तर भारत के कई प्रमुख शहरों तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. खासकर नौकरी, व्यवसाय, शिक्षा और पर्यटन के लिए यात्रा करने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. रांची से अजमेर के बीच सीधी या बेहतर कनेक्टिविटी लंबे समय से यात्रियों की मांग रही है.
गौरतलब है कि इसी वर्ष झारखंड को पोदानूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस की भी सौगात मिली थी, जिससे दक्षिण भारत और झारखंड के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हुआ। अब रांची-अजमेर अमृत भारत ट्रेन की संभावना ने राज्य के रेल यात्रियों की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं.
हालांकि रेलवे की ओर से अभी अंतिम समय-सारिणी और परिचालन तिथि की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन रिपोर्टों के अनुसार इस परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और जल्द ही यात्रियों को इसकी सौगात मिल सकती है
