रांची : झारखंड से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक अहम खबर है. एक जुलाई से रांची और देवघर एयरपोर्ट से संचालित कई उड़ानों में बदलाव होने जा रहा है। विमानन कंपनियों का कहना है कि एयरक्राफ्ट फ्यूल (एटीएफ) की उपलब्धता से जुड़ी समस्या के कारण यह फैसला लिया गया है.
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से चार विमान सेवाएं बंद हो जाएंगी. इनमें एयर इंडिया एक्सप्रेस की रांची-दिल्ली और रांची-हैदराबाद उड़ानें शामिल हैं. वहीं, इंडिगो एयरलाइंस की रांची-कोलकाता और रांची-हैदराबाद सेवाएं भी एक जुलाई से संचालित नहीं होंगी.

इसे भी पढे : झारखंड में मौसम मेहरबान, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट; गर्मी से मिलेगी राहत
इसका असर सिर्फ रांची तक सीमित नहीं रहेगा। देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रात में संचालित होने वाली उड़ान भी बंद कर दी जाएगी. इसके अलावा, देवघर से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट के संचालन में भी कटौती की गई है.
पहले यह सेवा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध थी, लेकिन अब यह फ्लाइट केवल मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को ही संचालित होगी.
देवघर एयरपोर्ट पर तैनात इंडिगो के फ्लाइंग मैनेजर प्रवीण कुमार ने बताया कि एयरक्राफ्ट फ्यूल संकट के कारण उड़ानों के संचालन कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि ईंधन आपूर्ति की यह समस्या कितने समय तक बनी रहेगी और बंद की गई सेवाएं कब दोबारा शुरू की जाएंगी.
यात्रियों को क्या करना चाहिए?
यदि आपने जुलाई महीने के लिए रांची या देवघर से यात्रा की योजना बनाई है, तो अपनी उड़ान का स्टेटस संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या ग्राहक सेवा के माध्यम से पहले ही जांच लेना बेहतर होगा. इससे आखिरी समय में होने वाली असुविधा से बचा जा सकता है.
क्यों अहम है यह फैसला ?
रांची से दिल्ली, हैदराबाद और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों के लिए बड़ी संख्या में यात्री नियमित रूप से यात्रा करते हैं. ऐसे में उड़ानों के बंद होने का असर न सिर्फ यात्रियों की सुविधा पर पड़ेगा, बल्कि व्यापारिक और पेशेवर यात्राओं पर भी दिखाई दे सकता है.
इसे भी पढे : झारखंड हाई कोर्ट का बड़ा फैसला,पुरुष एसिड पीड़ित को मिलेगा 15 लाख मुआवजा
