रांची : झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार को विधानसभा के कमरा संख्या-42 में मतदान जारी रहा. दोपहर 12:30 बजे तक 52 से अधिक विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे. मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है और शाम चार बजे तक वोटिंग का समय निर्धारित किया गया है.
इस चुनाव में झामुमो के बैजनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा और एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी मैदान में हैं. तीन उम्मीदवारों के बीच मुकाबले ने राज्य की सियासत को दिलचस्प बना दिया है.

आंकड़ों में किसका पलड़ा भारी ?
81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए किसी उम्मीदवार को 28 प्रथम वरीयता मतों की जरूरत है. संख्या बल के हिसाब से इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में दिखाई देता है. गठबंधन के पास 56 विधायकों का समर्थन होने का दावा किया जा रहा है.
वहीं, एनडीए के पास 24 विधायक हैं। इसके बावजूद एनडीए खेमे का दावा है कि वह जरूरी समर्थन जुटाकर निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को जीत दिलाने में सफल रहेगा. दूसरी ओर, महागठबंधन ने 61 विधायकों के समर्थन का दावा करते हुए अपने दोनों उम्मीदवारों की जीत तय बताई है.
शाम को आएगा फैसला
मतदान प्रक्रिया शाम चार बजे समाप्त होगी. इसके बाद शाम पांच बजे से मतगणना शुरू की जाएगी. चुनाव परिणाम रात सात से नौ बजे के बीच आने की संभावना है.
गौरतलब है कि यह चुनाव शिबू सोरेन के निधन और दीपक प्रकाश का कार्यकाल पूरा होने के बाद खाली हुई राज्यसभा सीटों को भरने के लिए कराया जा रहा है. अब सबकी निगाहें मतगणना पर टिकी हैं कि क्या आंकड़ों का गणित सही साबित होगा या फिर झारखंड की राजनीति कोई नया समीकरण पेश करेगी.
इसे भी पढे : रिम्स में वाहन बिल घोटाला, बाइक नंबर पर पास हुए बस और कार के 9.10 लाख रुपये के बिल
