RANCHI : झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. कभी धूप तो कभी बारिश के कारण राज्य के कई जिलों में ठंड का एहसास बढ़ने लगा है. राजधानी रांची समेत कई इलाकों में सुबह के समय कुहासा छाया रहा, जबकि दिन चढ़ने के साथ हल्की धूप देखने को मिली. हालांकि, बादलों की आवाजाही और बारिश के कारण मौसम ठंडा बना हुआ है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य में 5 नवंबर तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है.
डालटनगंज में सबसे अधिक 75 MM बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई. डालटनगंज में सबसे अधिक 75 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. वहीं, जमशेदपुर में 20.6 मिलीमीटर, बोकारो में 17.4 मिलीमीटर, रांची में 8.5 मिलीमीटर और चाईबासा में 2.2 मिलीमीटर बारिश हुई. राजधानी रांची के तापमान की बात करें तो शनिवार को अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है.
1 से 4 नवंबर तक इन इलाकों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 से 3 नवंबर तक झारखंड के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, 4 नवंबर को उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. इसके अलावा 5 नवंबर की सुबह राज्य के कई इलाकों में कुहासा छाए रहने का अनुमान है. हालांकि, इसके बाद आसमान साफ होने की संभावना जताई गई है.
अगले तीन दिनों में 3 से 4 डिग्री बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. वहीं, अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रह सकता है. ऐसे में झारखंड में फिलहाल मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहने वाला है. बारिश, बादल और सुबह के कुहासे के बीच लोगों को मौसम में बदलाव का सामना करना पड़ सकता है.
इसे भी पढ़े : पदकंदुक प्रतियोगिता और आदिवासी पारंपरिक मेले में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
