RANCHI : गढ़वा जिले के खरौंधी बाजार में रविवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया. देखते ही देखते बाजार में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टावर पर चढ़ने वाला युवक खरौंधी बाजार का ही निवासी है. स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि युवक का एक युवती के साथ प्रेम संबंध है और वह उसी से शादी करना चाहता है. बताया जा रहा है कि अपनी इसी मांग को लेकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे से मौजूद लोगों के सामने बार-बार यही बात दोहराता रहा कि उसकी शादी उसकी प्रेमिका से कराई जाए.
इसे भी पढ़े : तपिश से मिली राहत, लेकिन आसमान से बरस रहा खतरा, झारखंड में मानसून के साथ ठनका का अलर्ट

घंटों चली समझाइश
घटना की सूचना मिलते ही खरौंधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज के गणमान्य लोग और युवक के परिजन भी उसे समझाने-बुझाने में जुट गए. सभी ने युवक से सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा.टावर के नीचे जमा लोगों की निगाहें लगातार युवक पर टिकी रहीं. किसी को अनहोनी की आशंका सता रही थी तो कोई युवक को समझाने की कोशिश कर रहा था. घटना को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर के लिए बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता युवक को सुरक्षित नीचे उतारना है. पुलिस लगातार बातचीत के जरिए उसे समझाने का प्रयास कर रही है. हालांकि खबर लिखे जाने तक युवक टावर पर ही मौजूद था और नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ था.
इसे भी पढ़े : झारखंड के महाधिवक्ता राजीव रंजन ने दिया इस्तीफा, कारणों पर बना सस्पेंस
खरौंधी की यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि भावनाओं के आवेश में उठाया गया एक कदम कितनी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकता है. प्यार और रिश्तों से जुड़े फैसले समझदारी और संवाद से सुलझाए जाने चाहिए, क्योंकि जिद में उठाया गया कदम न केवल खुद की जिंदगी, बल्कि पूरे परिवार को मुश्किल में डाल सकता है. फिलहाल पूरे खरौंधी की नजरें टावर पर टिकी हैं और हर कोई यही दुआ कर रहा है कि युवक सकुशल नीचे उतर आए और इस हाई वोल्टेज ड्रामे का अंत सुरक्षित तरीके से हो.
