Ranchi : इरफ़ान अंसारी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर बड़ा हमला बोला है. रांची के नामकुम स्थित आईपीएच सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय प्रेस वार्ता में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं. उन्होंने कहा कि इन आरोपों के खिलाफ वह बाबूलाल मरांडी पर एफआईआर दर्ज कराएंगे और मामले को अदालत तक ले जाएंगे.
स्वास्थ्य मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष सरकार और स्वास्थ्य विभाग की छवि खराब करने की साजिश रच रहा है. उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है. डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वह कानूनी तरीके से इस पूरे मामले का जवाब देंगे.
इसे भी पढ़े : सांसद जोबा माझी की सादगी फिर चर्चा में, ग्रामीणों संग जमीन पर बैठकर किया भोजन

स्वास्थ्य मंत्री का पलटवार- झूठ बोलना की आदत
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री Dr. Irfan Ansari ने नेता प्रतिपक्ष Babulal Marandi द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब दिया. मंत्री ने एंबुलेंस और दवा खरीद में घोटाले के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी झूठे आरोप लगाने की राजनीति कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि आरोप लगाना और फिर पीछे हट जाना बाबूलाल मरांडी की पुरानी आदत रही है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बाबूलाल मरांडी राज्य के मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर रह चुके हैं, इसलिए उन्हें तथ्यों के बिना बयान देने से बचना चाहिए था.
इरफान अंसारी ने मीडिया के सामने नेता प्रतिपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास कोई सबूत है तो उसे सार्वजनिक करें. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महालेखाकार (AG) की जिस प्रारंभिक रिपोर्ट का हवाला दिया जा रहा है, वह कई साल पुरानी है. मंत्री ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने महालेखा कार्यालय को पत्र लिखकर स्थिति स्पष्ट कर दी है.
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रेस वार्ता में दूरबीन लहराकर विपक्ष पर साधा निशाना
स्वास्थ्य मंत्री Dr. Irfan Ansari ने भाजपा नेता Babulal Marandi के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि एनएचएम परिसर में 251 एंबुलेंस बेकार खड़ी हैं. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने पत्रकारों के सामने एक दूरबीन लहराते हुए कहा, “मैं बाबूलाल मरांडी को यह दूरबीन उपहार में देता हूं, ताकि वह देखकर बताएं कि आखिर कहां एंबुलेंस बेकार खड़ी हैं.
मंत्री के बयान के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) झारखंड के निदेशक Shashi Prakash Jha ने बताया कि राज्य में ‘108 एंबुलेंस सेवा’ की सभी गाड़ियां नियमित रूप से संचालित हो रही हैं. उन्होंने कहा कि वर्तमान में कुल 337 एंबुलेंस सेवा में हैं और कई गाड़ियां आठ लाख किलोमीटर से अधिक चलने के बाद भी लगातार लोगों को सेवा दे रही हैं.उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विभाग द्वारा 206 नई एंबुलेंस खरीदने की प्रक्रिया जारी है.
दवा एक्सपायरी मामले पर स्वास्थ्य मंत्री ने दी सफाई
स्वास्थ्य मंत्री Dr. Irfan Ansari ने दवा एक्सपायरी और सेवा विस्तार से जुड़े आरोपों पर विस्तार से सफाई दी. प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन और संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए कई बार दवाओं की एडवांस में थोक खरीद करनी पड़ती है. ऐसे में यदि बीमारी का प्रकोप कम हो जाए तो कुछ दवाएं स्टॉक में बच जाती हैं।मंत्री ने कहा कि सरकारी लैब जांच में जो दवाएं मानक के अनुरूप नहीं पाई गईं, उनका भुगतान रोक दिया गया और संबंधित बैच को कंपनियों को वापस भेज दिया गया.उन्होंने कहा कि ऐसी दवाओं को जनता के बीच वितरित नहीं होने दिया गया.
वहीं, Shailendra Srivastava की नियुक्ति को लेकर उठ रहे सवालों पर मंत्री ने कहा कि उन्हें किसी प्रकार का मनमाना सेवा विस्तार नहीं दिया गया है. उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए दिसंबर में 35 हजार रुपये मानदेय पर उनकी नियुक्ति की गई है.प्रेस वार्ता के अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं और निराधार आरोपों से उनका मनोबल कमजोर नहीं होगा.
इसे भी पढ़े : झारखंड में स्थानीय युवाओं को मिलेगा शिक्षक बनने का मौका, CM ने मांगी DPR
