RANCHI : झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. गुरुवार को राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्री-मानसून बारिश और तेज आंधी की संभावना बढ़ गई है.
रांची का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 0.6 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं जमशेदपुर में बारिश के कारण तापमान और नीचे चला गया तथा अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मेदिनीनगर में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली, जहां अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 24 घंटों में 2.8 डिग्री कम है.
इसे भी पढ़ें : PLFI सुप्रीमो अमृत होरो गिरफ्तार रांची पुलिस को बड़ी सफलता 10 लाख का था इनाम
केरल में मॉनसून की एंट्री में देरी, 14-17 जून के बीच झारखंड पहुंचने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र ने 29 मई से 1 जून तक रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है. इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और गिरावट हो सकती है.
दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अभी तक केरल नहीं पहुंच पाया है. मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून फिलहाल अंडमान-निकोबार और केरल के बीच सक्रिय है. हालांकि केरल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. अनुमान है कि मॉनसून 29 मई से 3 जून के बीच केरल पहुंच सकता है. इसके बाद झारखंड में मॉनसून के 14 से 17 जून के बीच दस्तक देने की संभावना जताई गई है. वहीं अल नीनो के प्रभाव के कारण इस बार सामान्य से कम बारिश होने की आशंका भी व्यक्त की गई है.
