RANCHI : रांची के कोकर इलाके से लापता 18 महीने की मासूम आदिती पाण्डेय का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. इसी बीच मंगलवार सुबह एक दर्दनाक खबर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. खेलगांव के पास गाड़ीगांव स्थित एक बड़े नाले से पुलिस ने एक बच्ची का शव बरामद किया है. हालांकि अभी तक यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि बरामद शव आदिती का ही है या किसी अन्य बच्ची का.
फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है. परिजनों को मौके पर बुलाया गया है ताकि शव की पहचान कराई जा सके. घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है. वहीं, साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है.
इसे भी पढ़ें : 12-13 मई को झारखंड में मौसम का कहर, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बता दें कि सदर थाना क्षेत्र के कोकर खोरहा टोली से 18 महीने की आदिती रविवार से लापता थी. बच्ची के गायब होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद पुलिस की कई टीमें लगातार बच्ची की तलाश में जुटी हुई थीं. आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा था और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे थे.
इसी बीच नाले से बच्ची का शव मिलने की खबर ने परिवार समेत पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है. स्थानीय लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी.
