RANCHI : गिरिडीह जिले के इसरी बाजार में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. महज पांच सेकंड के भीतर पांच लोगों की जान चली गई. तेज रफ्तार कोयला लदा 14 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर बाजार में घुस गया और कई वाहनों को रौंदते हुए तबाही मचा दी. इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई. जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. यह पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में देखा गया कि डुमरी की ओर से आ रहा ट्रक पहले शादी का सामान लदे एक वाहन को टक्कर मारता है. इसके बाद सामने खड़ी बाइक को अपनी चपेट में लेता है. फिर सड़क किनारे खड़े अन्य वाहनों और दुकान के पास मौजूद सामान को टक्कर मारते हुए एक दीवार से जा भिड़ता है.

रातभर चला राहत और बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया. सबसे पहले जिलाधिकारी रामनिवास यादव पहुंचे और हालात का जायजा लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. इसके कुछ देर बाद गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार भी मौके पर पहुंचे और देर रात तक राहत कार्य की निगरानी करते रहे.
इसे भी पढ़े : JTET भाषा विवाद पर सरकार सख्त, पांच मंत्रियों की कमेटी गठित
ट्रक के नीचे अन्य लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. मौके पर दो क्रेन और दो जेसीबी मशीन लगाई गईं. सुबह करीब तीन बजे ट्रक को हटाया गया. हालांकि ट्रक के नीचे सिर्फ एक बाइक दबी मिली. के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने और राहत कार्य में प्रशासन का पूरा सहयोग किया. कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे. भाजपा कार्यसमिति सदस्य प्रदीप साहू और झामुमो नेता राजू महतो देर रात तक घटनास्थल पर डटे रहे.प्रदीप साहू ने बताया कि ट्रक में कोयला लदा था. यह जांच का विषय है कि इतनी भारी गाड़ी भीड़भाड़ वाले इसरी बाजार क्षेत्र में आखिर कैसे पहुंची.
पुलिस ने ट्रक संख्या JH02BL-1853 के चालक को हिरासत में ले लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ट्रक भीड़भाड़ वाले इलाके में कैसे घुसा और हादसे की वजह क्या रही. इसकी विस्तृत रिपोर्ट जल्द सौंपी जाए. डीसी रामनिवास यादव ने जिला परिवहन पदाधिकारी को वाहन की पूरी तकनीकी और मूवमेंट रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है. ट्रक कहां से आ रहा था. कहां जाना था. उसकी रफ्तार कितनी थी और इतनी तेज गति की वजह क्या थी. इन सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी.
इसे भी पढ़े : शादी समारोह में जा रही बस पलटी, 20 लोग घायल, पांच को रिम्स रेफर
एसडीएम संतोष गुप्ता ने हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है. वहीं घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.
