RANCHI : जिले के राहे थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. शादी समारोह में शामिल होने जा रही यात्रियों से भरी एक बस दुलमी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बस में सवार महिलाओं व बच्चों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा. दुर्घटना में करीब 20 लोग घायल हुए हैं. जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची भेजा गया है.

दुलमी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलटी बस
जानकारी के अनुसार संकट मोचन बस संख्या JH01AU-4949 राहे थाना क्षेत्र के डोमांडी गांव से सोनाहातू थाना क्षेत्र के कोड़ाडीह गांव जा रही थी. बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे. जो शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान दुलमी गांव के पास चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा. जिससे बस सड़क किनारे पलट गई. बस पलटते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. महिलाएं और बच्चे जोर-जोर से रोने और मदद के लिए चिल्लाने लगे. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने बस में फंसे कई लोगों को बाहर निकाला और घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया.
इसे भी पढ़े : JTET भाषा विवाद पर सरकार सख्त, पांच मंत्रियों की कमेटी गठित
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची. घायल सड़क किनारे दर्द से कराहते रहे और परिजन मदद का इंतजार करते रहे. स्थिति को गंभीर देखते हुए सोनाहातू पुलिस ने तत्काल पहल की और अपनी गाड़ियों से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनाहातू पहुंचाया. सोनाहातू अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया. अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है.
