RANCHI : झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है. एक ओर Jharkhand Public Service Commission ने ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती में फार्म-डी (Pharm D) डिग्रीधारियों को आवेदन की अनुमति दे दी है. वहीं दूसरी ओर Jharkhand Staff Selection Commission ने झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का औपबंधिक मॉडल उत्तर जारी कर दिया है. ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती को लेकर JPSC ने स्वास्थ्य विभाग से मंतव्य मिलने के बाद Pharm D डिग्रीधारियों को आवेदन प्रक्रिया में शामिल करने का फैसला लिया है. इसके लिए आयोग 30 अप्रैल से 15 मई 2026 की शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन पोर्टल दोबारा खोलेगा.

सरकारी नौकरी के उम्मीदवारों को राहत. JPSC ने Pharm D अभ्यर्थियों को दी आवेदन की अनुमति
आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल वही अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे, जिन्होंने 18 फरवरी 2026 तक Pharm D की डिग्री प्राप्त कर ली थी. इससे पहले आयोग ने 28 जनवरी 2026 को स्वास्थ्य विभाग से अधियाचना मिलने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर के 30 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था. आवेदन की अंतिम तिथि उस समय 18 फरवरी निर्धारित की गई थी. JPSC के अनुसार परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 10 मई 2026 शाम 5 बजे है. वहीं आवेदन की हार्ड कॉपी 28 मई 2026 शाम 5 बजे तक जमा करनी होगी. आयोग ने कहा है कि केवल पात्र अभ्यर्थियों के आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे. इधर, JSSC ने झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के प्रथम, द्वितीय और तृतीय पत्र का औपबंधिक मॉडल उत्तर जारी कर दिया है. अभ्यर्थियों के लिए मॉडल उत्तर पर आपत्ति दर्ज करने का लिंक भी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है.
इसे भी पढ़े : हजारीबाग में पत्रकार व उनके पिता पर हमला, पुलिस में शिकायत दर्ज
आयोग के मुताबिक उम्मीदवार 4 मई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं. निर्धारित समय के बाद या किसी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा.
गौरतलब है कि झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 12 अप्रैल 2026 को राज्य के कई जिलों में आयोजित की गई थी. इनमें Ranchi, Ramgarh, Khunti, Bokaro, Dhanbad, East Singhbhum, Deoghar और Dumka शामिल हैं. मॉडल उत्तर जारी होने के बाद अब अभ्यर्थी अपने उत्तरों का मिलान कर त्रुटियों पर समय रहते आपत्ति दर्ज कर सकते हैं. दोनों आयोगों के इस फैसले से राज्य के हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
