RANCHI : झारखंड में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 11 जून से प्री-मानसून गतिविधियां तेज होंगी, जिससे कई जिलों में आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना है. हालांकि, मानसून को झारखंड पहुंचने में अभी करीब चार दिन और लग सकते हैं. इसके संताल परगना क्षेत्र के रास्ते राज्य में प्रवेश करने की संभावना जताई गई है.
11 जून को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज हवा, वज्रपात और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है.
पूर्वानुमान के मुताबिक, रांची का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें : 4 सूचना आयुक्तों के नामों पर राज्यपाल की हरी झंडी गड़बड़ी हुई तो सरकार जवाबदेह
12 जून को कई इलाकों में भारी बारिश के आसार
12 जून को बोकारो, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा और दुमका में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. वहीं रांची, खूंटी, हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में आंधी, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इन जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
13 जून को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, 13 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, साहिबगंज, पाकुड़ और गोड्डा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
इसे भी पढ़ें : मुख्यमंत्री आवास घेराव को निकले झारखंड के आंदोलनकारी,मोरहाबादी में पुलिस ने रोका
