Arafat
PAKUR : एसपी निधि द्विवेदी की कप्तानी में पुलिस विभाग को फरार वारंटियों की गिरफ्तारी में बड़ी सफलता हासिल हुई है. पिछले दस महीने में 76 वारंटियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इनमें लाल वारंट और स्थायी वारंट के अभियुक्त शामिल हैं. यह आंकड़ा पुलिस की कार्यकुशलता को दर्शाता है. पुलिस विभाग के द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्र अंतर्गत की गई इस सफल कार्रवाई में पुलिस कप्तान निधि द्विवेदी के नेतृत्व में मजबूत टीम भावना की तस्वीर झलकती है. पुलिस कप्तान के आदेशों पर अमल करने वाले थाना प्रभारियों की ड्यूटी के प्रति ईमानदारी को भी साफ दर्शाता है. इधर पुलिस विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पाकुड़ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्ज संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण कांडों में लंबे समय से लंबित लाल वारंट और स्थाई वारंट के अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : गोड्डा में अपराधियों के हौसले बुलंद, NH-133 में युवक पर चार फायरिंग, एक घायल
इसी छापेमारी अभियान के दौरान पाकुड़ पुलिस के द्वारा विगत साल 2025 के 1 जून से इस साल 2026 के 4 अप्रैल तक विभिन्न थाना क्षेत्र में दर्ज संवेदनशील और महत्वपूर्ण कांडों में लंबे समय से फरार चल रहे 76 वारंटी को गिरफ्तार किया गया है. इनमें लाल वारंट और स्थाई वारंट के अभियुक्तों की गिरफ्तारी शामिल है. जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पाकुड़ जिला अंतर्गत जिन थाना क्षेत्र में लाल वारंट और स्थाई वारंट के अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है, उनमें सबसे ज्यादा गिरफ्तारी महेशपुर थाना की ओर से की गई है. जबकि पाकुड़ मुफस्सिल थाना वारंटियों की गिरफ्तारी के मामले में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे स्थान पर रहा है.

पूरे जिले की बात करें तो महेशपुर थाना के द्वारा इस अवधि में 27 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है. मुफस्सिल थाना के द्वारा 25 वारंटी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. वहीं हिरणपुर थाना इस मामले में तीसरे नंबर पर हैं और 10 वारंटी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. लिट्टीपाड़ा थाना से 7 वारंटी, मालपहाड़ी ओपी से 4, नगर थाना से 1, अमड़ापाड़ा थाना से 1 और पाकुड़िया थाना से भी 1 वारंटी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. इस तरह कुल 76 वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. इस मामले में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी का साफ संदेश है कि पाकुड़ पुलिस का लाल वारंट और स्थाई वारंट के अभियुक्तों के विरुद्ध छापेमारी अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें : फ़्रीडम ऑफ स्पीच: क्या हम आजाद हैं बोलने के लिए, या हमारी आजादी की भी एक सीमा है
