Arafat
PAKUR : उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला योजना कार्यकारिणी समिति की बैठक संपन्न हुई. बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ मॉडल सोलर विलेज योजना पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि जिले में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने एवं गांवों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 10 गांवों का चयन किया गया है. इन गांवों के बीच 6 माह की अवधि के लिए एक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. जिसकी प्रारंभ एवं समाप्ति तिथि भी निर्धारित कर दी गई है.
इसे भी पढ़ें : एलएलबी की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में अधिवक्ता गिरफ्तार
मॉडल विलेज ऊर्जा के मामले में होगा आत्मनिर्भर
उपायुक्त ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक जिले में एक मॉडल सोलर विलेज का विकास करना होगा. गांवों में 24 घंटे बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है. उन्होंने बताया कि योजना के तहत सोलर पंप, सोलर स्ट्रीट लाइट, सोलर हाई मास्ट लाइट एवं रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाएगा. चयनित गांवों को पूर्ण रूप से सोलर आधारित एवं ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा.

चयनित गांव को मिलेगा 1 करोड़
प्रतियोगिता के अंत में जिस गांव में सर्वाधिक सोलर इंस्टॉलेशन किया जाएगा, उसे मॉडल सोलर विलेज के रूप में चयनित किया जाएगा. चयनित गांव को एक करोड़ की राशि प्रदान की जाएगी. उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं इस योजना को सफल बनाने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि यह पहल जिले के समग्र विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.
इसे भी पढ़ें : गैंगस्टर राहुल सिंह ने 12 वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले के खिलाफ जताया आक्रोश
