RANCHI : झारखंड में रामनवमी के जुलूस और शोभा यात्राओं को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क है. राज्यभर में शांति बनाए रखने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें : चेतावनी : झारखंड में आज गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की आशंका, मौसम विभाग अलर्ट पर
जिलों में अलर्ट, अतिरिक्त बल और अधिकारियों की तैनाती
राजधानी रांची समेत सभी जिलों में अलर्ट जारी है. पुलिस मुख्यालय ने अतिरिक्त बल भेजे हैं. करीब 5,000 जवान झारखंड सशस्त्र पुलिस (JAP) और इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) से तैनात किए गए हैं. इसके अलावा 5,400 होमगार्ड जवानों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है. साथ ही, प्रशिक्षु और हाल ही में प्रमोट हुए डीएसपी अधिकारियों को भी मैदान में जिम्मेदारी दी गई है.
मुख्यमंत्री और डीजीपी के सख्त निर्देश
कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के डीसी और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की. उन्होंने अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. वहीं, डीजीपी तदाशा मिश्रा ने खुफिया तंत्र को एक्टिव रखने को कहा है. उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के भी निर्देश दिए हैं. सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. जुलूस मार्गों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी. संवेदनशील स्थानों पर ऊंची इमारतों और छतों पर जवान तैनात रहेंगे. हजारीबाग, लोहरदगा, जमशेदपुर और पलामू जैसे जिलों में विशेष सतर्कता रखी जा रही है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में बनी शॉर्ट फिल्म ‘सरकारी विवाह’ की धूम, कम बजट में जीत रहा दिल
सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर
अफवाहों को रोकने के लिए साइबर सेल 24 घंटे सक्रिय है. फेसबुक, व्हाट्सएप और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी की जा रही है. संदिग्ध गतिविधियों पर पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है. आपात स्थिति के लिए डायल 112 पूरी तरह सक्रिय है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे तय मार्ग का ही पालन करें. साथ ही, किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें.
