RANCHI : झारखंड में 27 मार्च 2026 को मौसम अचानक करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ज्यादातर इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है. खास तौर पर गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज़ हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. कई जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ और ‘येलो’ अलर्ट घोषित किया गया है.
पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और चतरा में ओले गिरने के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं रांची, बोकारो, हजारीबाग और गुमला समेत मध्य झारखंड के जिलों में गरज के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें : CBSE 12th Exam 2026 : रामनवमी के दिन परीक्षा से बढ़ी छात्रों की चिंता, बिहार-झारखंड में परेशानी की आशंका
तीन दिन बदलता रहेगा मौसम, सतर्क रहने की सलाह
तापमान की बात करें तो अभी भी कई इलाकों में गर्मी का असर बना हुआ है. पलामू, गढ़वा और चतरा में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. रांची में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि जमशेदपुर और सरायकेला में पारा 37 डिग्री के आसपास रह सकता है.
आने वाले दिनों की बात करें तो 28 मार्च को भी हल्की बारिश जारी रह सकती है, हालांकि इसकी तीव्रता कम रहने की संभावना है. 29 मार्च को मौसम साफ रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं 30 मार्च को महीने के अंत में एक बार फिर पूर्वी और मध्य झारखंड में बादल छाने और हल्की बारिश होने के आसार हैं.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में बनी शॉर्ट फिल्म ‘सरकारी विवाह’ की धूम, कम बजट में जीत रहा दिल
मौसम विभाग ने लोगों, खासकर किसानों को सलाह दी है कि ओलावृष्टि और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और सतर्कता बरतें.
